जनपद ऊधम सिंह नगर के खटीमा लोहिया हेड पावर चैनल के करीब शारदा नहर में एक इनोवा कार गिर गई। इनोवा कार के शारदा नहर में डूबने से हुई दुर्घटना में कार चालक सहित 5 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में महिला द्रौपदी, उसकी बेटी, भाई के दो बच्चे और कार चालक शामिल हैं। द्रौपदी देवी लोहिया हेड पॉवर हाउस में कार्यरत थीं। वो बीती देर शाम चकरपुर अंजनिया निवासी अपने भाई मोहन चंद के घर से अपने भाई के दो बच्चों को लेकर अपने लोहिया हेड स्थित घर को शारदा नहर मार्ग से होकर कार से लौट रही थी।
द्रौपदी के घर न पहुंचने पर उसके भाई ने जब फोन किया तो उसका फोन स्विच ऑफ आया। जिसके बाद द्रौपदी के भाई मोहन चंद ने अपनी पत्नी के साथ स्कूटी में सवार होकर खोजबीन शुरू की। इस पर उन्हें कार लोहिया हेड पावर चैनल के पास शारदा नहर में गिरी हुई दिखी। द्रौपदी के भाई ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी. जिसके बाद पुलिस की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर गोताखोरों के माध्यम से कार से सभी पांचों लोगों को बाहर निकाला। पुलिस द्वारा कार से 5 लोगों को बाहर निकाले जाने पर पता चला कि उनकी मौत हो चुकी थी। खटीमा के नागरिक चिकित्सालय में शवों का पोस्टमार्टम हुआ है। इस दुखद घटना के बाद खटीमा क्षेत्र में शोक की लहर है। मृतकों के नाम इस प्रकार हैं- द्रौपदी देवी उम्र 32 वर्ष पत्नी देवेंद्र निवासी लोहिया हेड पावर हाउस कॉलोनी। ज्योति पुत्री द्रौपदी और स्वर्गीय देवेंद्र सिंह निवासी लोहिया हेड, खटीमा। मोहन सिंह धामी पुत्र बहादुर सिंह धामी, निवासी नगरा तराई खटीमा (कार चालक) दीपिका पुत्री मोहन चंद, उम्र 7 वर्ष, निवासी अंजनिया, चकरपुर खटीमा। सोनू उम्र 5 वर्ष, पुत्र मोहन चंद, निवासी अंजनिया, चकरपुर खटीमा।