जनपद ऊधम सिंह नगर के नानकमत्ता में कच्चे आढ़तियों के धान खरीदने से इंकार के बाद किसान मण्डी परिसर में धरने में बैठ गये हैं। किसान नेताा जगदेव सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार कच्चे आढ़तियों के साथ मिलकर षडयंत्र कर रही है। कच्चे आढ़ती धान नहीं खरीदते हैं तो सरकार किसानों का धान सरकारी कांटों में खरीद करे। प्रत्येक सरकारी केंद्र का रोजाना का लक्ष्य एक हजार कुंतल किया जाये। ताकि समय रहते किसानों की धान खरीद हो सके। किसानों ने आरोप लगाया कि जैसे ही किसान धान काटने लगता है तो हर वर्ष विवाद शुरू कर किसान व व्यापारियों को भिड़ा दिया जाता है। किसान मजबूरन 1400-1500 रुपये में धान बेचने को मजबूर हो जाता है। 15 दिनों में किसान का धान बिक जाता है तो कच्ची आढ़तों में तौल शुरू कर वास्तविक लाभ ले लिया जाता है। इसमें किसानों को भारी नुकसान हो चुका होता है। किसानों ने साफ किया कि एमएसपी से नीचे धान नहीं बेचेंगे। यहां लोहार सिंह, मलूक सिंह खिण्डा, गुरनाम सिंह, जगदेव सिंह, कुलदीप सिंह, गुरदीप सिंह, लक्ष्मण राणा, रूढ़ सिंह, खड़क सिंह मौजूद रहे।