ऊधम सिंह नगर जिले के किच्छा थाना पुलभट्टा अंतर्गत सिरौली में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। सूचना मिलते ही पुलभट्टा पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस को उसके गले पर चाकू का गहरा जख्म मिला। जिसके कारण पति संदेह के दायरे में है। पुलिस ने शव को मोर्चरी में भिजवा कर जांच शुरू कर दी है।
जनकरी के अनुसार अबरार मूल निवासी इस्लाम नगर खटीमा का परिवार ढाई वर्ष पूर्व सिरोलीकला में बस गया था। अबरार का विवाह पांच माह पूर्व ग्राम बिहारीपुर थाना देवरनिया जिला बरेली निवासी नेहा बी (22 वर्ष) के साथ हुआ था। बताया जा रहा है कि शादी के बाद से ही दोनों में विवाद चल रहा था। विवाद के कारण कुछ दिन पूर्व नेहा अपने मायके चली गयी थी। बीते सोमवार को अबरार अपनी ससुराल से नेहा को सुलह के बाद अपने घर सिरोली कला ले आया था। बताया जा रहा है कि सोमवार को अबरार के माता पिता और छोटा भाई बहेड़ी शादी में गए थे। रात को पुलिस को नेहा की मौत की सूचना मिली।सूचना मिलने पर बरा चौकी प्रभारी दिनेश भट्ट पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। कमरे में नेहा का शव पड़ा था। नेहा के गले में गहरा जख्म था। अबरार ने पुलिस को बताया कि जब नेहा अपने आप पर चाकू से वार कर रही थी तो उसने उसको रोकने का प्रयास किया।असफल रहने पर वह मोबाइल पर नेहा के परिवार वालो को सूचना देने लगा। जब वह वापस कमरे में आया तो नेहा का गला कटा हुआ था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर देर रात मोर्चरी भिजवा दिया था। नेहा की संदिग्ध मौत को लेकर अबरार पुलिस के संदेह के घेरे में है। पुलिस अबरार से पूछताछ कर रही है। नेहा के नवविवाहिता होने के कारण पुलिस मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा भर पोस्टमार्टम की तैयारी कर रही है। बरा चौकी प्रभारी दिनेश भट्ट ने कहा पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पायेगा।