उत्तराखंड में राजनेताओं के बेटे पर लगातार आरोप लग रहे हैं। कुछ समय पूर्व अंकिता भंडारी की हत्या के मामले में राज्यमंत्री विनोद आर्य के पुत्र पुलकित आर्य को पुलिस ने गिरफ्तार किया था और अब एक पूर्व मंत्री के बेटे पर देहरादून की महिला ने दुष्कर्म तथा मारपीट का आरोप लगाते हुए पुलिस में तहरीर दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पूर्व मंत्री दिनेश धनै के पुत्र कनक धनै पर देहरादून निवासी महिला ने दुष्कर्म और मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार देहरादून निवासी महिला ने कनक धनै पुत्र दिनेश धनै के खिलाफ पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि कनक धनै ने इंस्टाग्राम के जरिये उसके साथ दोस्ती की। इसके बाद दोनों की कई मुलाकातें हुयी। महिला ने बहला फुसलाकर दुष्कर्म करने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। महिला ने कनक धनै पर धमकी देने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।