जनपद ऊधम सिंह नगर के लालपुर क्षेत्र में ग्रामीणों ने गौ हत्या की योजना को नाकाम कर पेड़ से बंधी गाय को बरामद कर दिया। ग्रामीणों के पहुंचने की भनक लगते ही गौ तस्कर मौके से फरार हो गये।
जानकारी के अनुसार वाकया शुक्रवार रात का है। क्षेत्र के समाजसेवी प्रिंस अरोरा एवं उनके साथियों को देर रात कुछ संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर संदेह हुआ तो उन्होंने संदिग्ध लोगों का पीछा शुरू कर दिया। पीछा करते करते पता चला कि केएम पेपर मिल से आगे नदी के पार गौ हात्या होने जा रही है। गौ हत्या को रोकने के लिए प्रिंस अरोरा और उनके साथी नदी के पार पॉपलर के प्लाट में पहुंचे तो वहां एक गाय पेड़ से बंधी थी। जिसे काटने की तैयारी की जा रही थी। ग्रामीणों के पहुंचने पर गौ हत्या की तैयारी में लगे तस्कर मौके से फरार हो गये। गाय को सकुशल बरामद कर समाजसेवियों ने गौशाला पहुंचा दिया।