जनपद ऊधम सिंह नगर के कुंडा क्षेत्र में सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर एक व्यक्ति ने दो लोगों से लाखों की ठग लिए। पुलिस ने दोनों पीड़ितों की तहरीर पर दो आरोपियो के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामलों की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार कुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम भरतपुर निवासी अश्वनीकांत पुत्र किशनलाल व ग्राम कुंडा निवासी नितेश कुमार पुत्र राजाराम ने पुलिस को अलग अलग तहरीर देकर बताया कि वह आपस में दोस्त हैं। उनकी देहरादून में रिश्तदेारी है। कहा कि करीब डेढ़ वर्ष पूर्व उनकी जान पहचान देहरादून के प्रेमनगर निवासी राजीव पाण्डे पुत्र कैलाश पाण्डे व उन्हीं के ग्राम भरतपुर निवासी हरिदास सिंह पुत्र जयकिशन सिंह से हुई। जिस पर दोनों ने अश्वनीकांत को सहायक अध्यापक के पद पर नौकरी लगवाने के नाम पर पांच लाख व नितेश कुमार को सचिवालय में समीक्षा अधिकारी के पद पर नौकरी लगवाने के नाम पर 12 लाख 10 हजार रूपये ले लिए और बाद में उन्हें फर्जी नियुक्ति पत्र भी दे दिया। जब समय बीतने के बाद भी उनकी नियुक्ति नहीं हुई। तब उन्होंने आरोपियों से अपनी रकम वापस मांगी। जिस पर आरोपियों ने उन्हें पैसा वापस न कर जान से मारने की धमकी दे डाली। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।