Breaking News :
govt-ads

बलरामपुर हादसा रिपोर्ट: दो बाइकों की जानलेवा भिड़ंत के बाद पुलिस ने घटनास्थल से जुटाए अहम साक्ष्य

Blog
 Image

बलरामपुर। उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में घने कोहरे ने कहर बरपाया है। मंगलवार रात करीब 11 बजे बलरामपुर-उतरौला मुख्य मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में पांच युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी संज्ञान लिया है और पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद के निर्देश दिए हैं। जानकारी के अनुसार, यह भीषण दुर्घटना उतरौला थाना क्षेत्र के अक्सीबड़हरा गांव के समीप हुई। रात में घना कोहरा होने के कारण सड़क पर विजिबिलिटी बेहद कम थी। इसी दौरान विपरीत दिशाओं से आ रही टीवीएस स्पोर्ट और टीवीएस राइडर बाइकों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और उन पर सवार युवक उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, इस अनियंत्रित टक्कर की चपेट में कुछ पैदल राहगीर भी आ गए। सूचना मिलते ही उतरौला पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) उतरौला पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने बलरामपुर निवासी गुफरान, रहमत, तौफीक, मोहम्मद फारूक और सलीम को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल बड़हरा खुर्द निवासी मुजम्मिल खान और नाहिद अली की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर कर दिया है। पांच युवकों की मौत की खबर मिलते ही पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने घटनास्थल का मुआयना किया और अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। पुलिस ने मौके से दो क्षतिग्रस्त हेलमेट व अन्य साक्ष्य जुटाए हैं और शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को राहत कार्यों में तेजी लाने, पीड़ित परिवारों से संवाद कर सहायता देने और घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं।