रुद्रपुर। जनपद ऊधम सिंह नगर के जिला मुख्यालय रुद्रपुर से एक बार फिर मानवता और रिश्तों को शर्मसार करने वाली बेहद खौफनाक घटना सामने आई है। ट्रांजिट कैंप कोतवाली क्षेत्र के रविंद्र नगर में एक 45 से 50 वर्षीय व्यक्ति पर पड़ोस में ही रहने वाली 16 साल की एक नाबालिग बच्ची के साथ अश्लील छेड़छाड़ और दुष्कर्म का प्रयास करने का गंभीर आरोप लगा है। यह पूरी घटना उस समय घटी जब पीड़ित बच्ची बारिश के दौरान अपनी छत पर नहा रही थी। घटना के बाद पीड़िता के परिजनों के साथ भारी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग आवास विकास चौकी पहुंचे, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में तनाव और भारी आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मामला आवास विकास चौकी के अंतर्गत आने वाले रुद्रपुर के रविंद्र नगर क्षेत्र का है। बीते दिन जब इलाके में मूसलाधार बारिश हो रही थी, तब 16 वर्षीय नाबालिग बच्ची अपने घर की छत पर नहाने गई थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले लगभग 50 वर्षीय अधेड़ व्यक्ति की नीयत डोल गई। वह चुपके से नाबालिग की छत पर जबरन दाखिल हो गया और अकेली पाकर बच्ची के साथ अश्लील हरकतें करने लगा। आरोप है कि हवसी व्यक्ति ने नाबालिग के साथ जबरदस्ती करते हुए दुष्कर्म करने का भी प्रयास किया। इस अप्रत्याशित हमले से डरी-सहमी नाबालिग ने जब हिम्मत दिखाकर शोर मचाया और उसका कड़ा विरोध किया, तब जाकर यह पूरा मामला प्रकाश में आया। बच्ची की चीखें सुनकर परिजन और आसपास के लोग इकट्ठा हुए, जिन्हें देखकर आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना से आक्रोशित पीड़िता के परिजनों को न्याय दिलाने के लिए क्षेत्र के तमाम राजनीतिक और सामाजिक संगठन सड़क पर उतर आए हैं। मामले की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल और कांग्रेस की नगर अध्यक्ष ममता रानी भारी संख्या में समर्थकों के साथ आवास विकास चौकी पहुंचे। जनप्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन से आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। वही सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कुछ स्थानीय प्रभावशाली लोग इस संवेदनशील और घिनौने मामले को अंदर ही अंदर दबाने और आपस में समझौता कराने के प्रयास में भी जुटे हुए हैं, जिसके कारण स्थानीय निवासियों का गुस्सा और ज्यादा भड़क गया है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष से शिकायती पत्र मिलने की पुष्टि की है। आवास विकास चौकी प्रभारी के अनुसार, मामला बेहद संवेदनशील है और नाबालिग से जुड़ा हुआ है। पुलिस की टीमें हर पहलू से मामले की गहन जांच में जुट गई हैं। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे जनप्रतिनिधियों और परिजनों को आश्वासन दिया है कि कानून हाथ में लेने वाले और मर्यादा लांघने वाले आरोपी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही उसे सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

