govt-ads

रुद्रपुर पुलिस के साथ फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ ने संभाला मोर्चा, टावर से सुरक्षित उतारी महिला

Blog
 Image

रुद्रपुर। शहर के व्यस्ततम त्रिशूल चौक पर उस समय भारी अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गई और नीचे कूदकर आत्महत्या करने की धमकी देने लगी। महिला को काफी ऊंचाई पर चढ़ा देखकर मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे मुख्य मार्ग पर यातायात भी प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही रुद्रपुर कोतवाली पुलिस, फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और कड़ी मशक्कत व सूझबूझ से महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया। इसके बाद घबराई हुई महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, 22 नवंबर 2026 को कोतवाली रुद्रपुर पुलिस को सूचना मिली कि त्रिशूल चौक स्थित ट्रैफिक कार्यालय के सामने लगे मोबाइल टावर पर एक महिला चढ़ गई है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो देखा कि महिला काफी ऊंचाई पर खड़ी होकर नीचे कूदने की चेतावनी दे रही थी। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए पुलिस ने तुरंत फायर विभाग, एसडीआरएफ और एंबुलेंस को बुलाया। संयुक्त टीमों ने अत्यंत सतर्कता बरतते हुए रेस्क्यू अभियान चलाया और महिला को सकुशल नीचे उतारने में सफलता हासिल की। महिला की पहचान जगतपुरी दिनेशपुर निवासी एवं मूल रूप से गरुड़, जिला बागेश्वर की रहने वाली के रूप में हुई है। इस पूरे घटनाक्रम के पीछे दिनेशपुर थाने में दर्ज एक आपराधिक मामला सामने आया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी विभव सैनी ने बताया कि महिला के बेटे के खिलाफ थाना दिनेशपुर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 78 व 79 तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 11 और 12 के तहत मुकदमा दर्ज है। इस प्रकरण की विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी पुत्र को पूछताछ के लिए थाने बुलाया था। पुलिस का आरोप है कि बेटे के खिलाफ चल रही कानूनी कार्रवाई को प्रभावित करने तथा पुलिस और शिकायतकर्ता पर दबाव बनाने के उद्देश्य से महिला ने टावर पर चढ़कर यह कदम उठाया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक मार्ग पर भीड़ जुटाने और यातायात बाधित करने समेत संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि नाबालिग पीड़ित की गोपनीयता सुरक्षित रखते हुए मूल केस की निष्पक्ष जांच जारी है।