नई दिल्ली। जनसंख्या नियंत्रण विधेयक को लेकर भाजपा नेता गिरिराज सिंह ने बड़ा बयान दिया है। उनके इस बयान से सियासत गरमाती हुई नजर आ रही है। उन्होंने एक बयान में बढ़ती जनसंख्या पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि भारत के लिए जनसंख्या नियंत्रित करना महत्वपूर्ण है क्योंकि हमारे पास संसाधन सीमित मात्रा में ही है। उन्होंने कहा कि अगर भारत तेजी से विकास करना चाहता है तो ये जरूरी है कि जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाया जाए। दिल्ली के जंतर मंतर पर आयोजित जनसंख्या नियंत्रण रैली के दौरान उन्होंने कहा कि देश में ये कानून नहीं बना तो देश में सामाजिक समरसता और एकता नहीं बचेगी। देश का विकास करने के लिए इस कानून का होना बेहद अहम है। उन्होंने चीन का उदाहरण देते हुए कहा कि वर्ष 1978 से पहले चीन की जीडीपी भारत से कम थी, मगर आज चीन भारत से विकसित है, क्योंकि यहां वन चाइल्ड पॉलिसी लागू है। उन्होंने कहा कि चीन में एक मिनट में 10 बच्चे पैदा होते हैं जबकि भारत में एक मिनट में 30 बच्चे पैदा होते है। अगर हमारे देश की जनसंख्या ऐसे ही तीन गुणा तेजी से बढ़ती रही तो हमारे लिए चीन का मुकाबला करना मुश्किल हो जाएगा।