उत्तराखंड में पीएम मोदी का जलवा, अप्रैल दौरे को लेकर चंद्रबनी क्षेत्र में सुरक्षा ऑडिट का काम शुरू।

Blog
 Image

देहरादून। नरेंद्र मोदी के अप्रैल माह में प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। हालांकि अभी तक दौरे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन संभावित कार्यक्रम को देखते हुए शासन और जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिलाधिकारी सविन बंसल और एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने जनसभा स्थल के चयन के लिए चंद्रबनी क्षेत्र का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने यहां उपलब्ध खाली स्थानों का जायजा लेते हुए सुरक्षा और व्यवस्थाओं के दृष्टिकोण से संभावनाओं का आकलन किया। प्रशासन की ओर से उपयुक्त स्थल का चयन कर प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा।

सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री अपने इस दौरे के दौरान देहरादून-दिल्ली एलिवेटेड रोड का उद्घाटन कर सकते हैं। यह परियोजना लंबे समय से चर्चा में रही है और इसके पूर्ण होने के बाद राजधानी देहरादून से दिल्ली तक की यात्रा और अधिक सुगम होने की उम्मीद है। ऐसे में इस संभावित उद्घाटन को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। प्रधानमंत्री की जनसभा के मद्देनजर चंद्रबनी क्षेत्र को प्रमुख विकल्प के रूप में देखा जा रहा है। यहां बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना को देखते हुए यातायात, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही प्रधानमंत्री के दौरे की आधिकारिक पुष्टि होगी, तैयारियों को और तेज कर दिया जाएगा। फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए प्रारंभिक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। प्रधानमंत्री का प्रस्तावित दौरा न केवल राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, बल्कि राज्य के विकास परियोजनाओं को गति देने के लिहाज से भी अहम साबित हो सकता है।