रुद्रपुर। नगर निगम रुद्रपुर के मेयर विकास शर्मा के एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर 14 फरवरी 2026 को “एक साल बेमिसाल” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जा रहा है। त्रिशूल चौक और गांधी पार्क में होने वाला यह आयोजन विकास, विश्वास और सांस्कृतिक उत्सव का संगम बनेगा। कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और नवनिर्मित त्रिशूल चौक पर ‘भव्य त्रिशूल’ का लोकार्पण करेंगे। दोपहर 2:30 बजे त्रिशूल चौक पर भव्य अनावरण के साथ कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इस अवसर पर हरिद्वार से गंगाजल लेकर आ रहे कांवड़ यात्रियों का मुख्यमंत्री द्वारा विशेष सम्मान किया जाएगा। इसके बाद त्रिशूल चौक से गांधी पार्क तक ऐतिहासिक शिव बारात और भक्तिमय शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो पूरे शहर में आध्यात्मिक और सांस्कृतिक माहौल का सृजन करेगी। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी रुद्रपुर के विकास के लिए 100 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। इसे शहर के आधारभूत ढांचे और जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
वाई इस कार्यक्रम की खास बात यह है कि इस आयोजन को सफल बनाने के लिए न सिर्फ सत्तारूढ़ दल के कार्यकर्ता, बल्कि विपक्षी पार्षद भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार मेयर विकास शर्मा के विकास कार्यों से प्रभावित कुछ कांग्रेसी पार्षद भी अपने-अपने वार्डों में लोगों से कार्यक्रम में पहुंचने की अपील कर रहे हैं। वे घर-घर संपर्क कर अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने में जुटे हैं। राजनीतिक हलकों में इसे एक सकारात्मक संदेश के रूप में देखा जा रहा है, जहां विकास के मुद्दे पर दलगत सीमाएं कमजोर पड़ती नजर आ रही हैं। ‘एक साल बेमिसाल’ कार्यक्रम के जरिए मेयर अपने एक वर्ष के कार्यों का लेखा-जोखा भी जनता के सामने रखेंगे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक स्तर पर भी तैयारियां तेज हैं। सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और मंच सज्जा सहित सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। शहरवासियों की निगाहें अब इस भव्य आयोजन पर टिकी हैं, जो रुद्रपुर की राजनीति और विकास दोनों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
वही 14 से 23 फरवरी तक गांधी पार्क में यू.एस. नगर कार्निवल और सरस मेले का आयोजन होगा। इस दौरान 150 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां स्थानीय उत्पाद, हस्तशिल्प और व्यंजन आकर्षण का केंद्र होंगे। सांस्कृतिक संध्या में देश-प्रदेश के प्रसिद्ध कलाकार प्रस्तुति देंगे। 15 फरवरी को पंजाबी पॉप स्टार की प्रस्तुति, 17 फरवरी को इमान चक्रवर्ती और मैजिक शो, 18 फरवरी को लोक कलाकार बंटी राणा, 19 फरवरी को भोजपुरी गायकों की महफिल, 20 फरवरी को कुमाऊंनी कलाकार फौजी ललित मोहन जोशी, गोविंद दिगारी और सुभी दिगारी की प्रस्तुति होगी। 21 फरवरी को रामलीला मंचन, 22 फरवरी को विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम और 23 फरवरी को उत्तराखंड के प्रसिद्ध बैंड द्वारा समापन प्रस्तुति दी जाएगी। इसके अलावा श्री अमरलाय जी सेवा मेडल द्वारा आयोजित दिव्य शिव जागरण का भी शुभारंभ मुख्यमंत्री करेंगे। कुल मिलाकर “एक साल बेमिसाल” कार्यक्रम रुद्रपुर में जनभागीदारी का महाकुंभ साबित होने जा रहा है, जहां विकास कार्यों के साथ संस्कृति और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

