Breaking News :

केदारनाथ हेलीकॉप्टर बुकिंग गाइड: वर्ष 2026 के लिए महत्वपूर्ण तिथियां, हेलिपैड और आधिकारिक बुकिंग प्रक्रिया

Blog
 Image

देहरादून। आगामी चारधाम यात्रा को लेकर केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) ने हेली सेवा के संचालन के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है और जल्द ही चयनित कंपनियों को जिम्मेदारी सौंप दी जाएगी। इसके साथ ही टिकटों की बुकिंग प्रक्रिया भी शीघ्र शुरू होने की उम्मीद है।

जानकारी के अनुसार, केदारनाथ मंदिर के कपाट 22 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे, जबकि हेली सेवा का संचालन 21 अप्रैल से शुरू हो जाएगा। इस बार गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा के कुल नौ हेलिपैड से हेली सेवाएं संचालित की जाएंगी, जिससे यात्रियों को सुविधाजनक और तेज यात्रा का विकल्प मिलेगा। यूकाडा के सीईओ आशीष चौहान ने बताया कि कंपनियों के चयन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही उन्हें अलग-अलग हेलिपैड से उड़ानों के संचालन की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। किराया निर्धारण के बाद ही टिकट बुकिंग की तिथि घोषित की जाएगी। इस वर्ष हेली सेवा की टिकट बुकिंग आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से की जाएगी, जिससे पारदर्शिता और सुविधा सुनिश्चित की जा सके। प्रशासन का कहना है कि हेली सेवा के जरिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी, खासकर बुजुर्ग और दिव्यांग यात्रियों को। साथ ही इससे यात्रा प्रबंधन को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। चारधाम यात्रा के मद्देनजर राज्य सरकार और संबंधित विभाग तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।