जनपद ऊधम सिंह नगर में वांछित एवं ईनामी बदमाशों की धरपकड़ के लिए चलाये जा रहे अभियान के तहत जिले की पुलिस ने चार ईनामी बदमाशों समेत पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गये बदमाशों में से तीन पर 25-25 हजार और एक पर 15 हजार का ईनाम घोषित किया था।
पत्रकार वार्ता में एसएसपी मंजूनाथ टिसी ने बताया कि थाना गदरपुर में गैंगस्टर एक्ट वांछित सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा की विवेचना थानाध्यक्ष गदरपुर राजेश पाण्डेय को सौंपी गयी थी। इस मामले में अन्य अभियुक्त के साथ नामजद अभियुक्तगण सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा पुत्र स्वरूप सिंह निवासी ग्राम अज्जूवाला थाना मिलक खानम जिला रामपुर उत्तर प्रदेश व अभियुक्त कुलवंत सिंह उर्फ काकू पुत्र महेंद्र सिंह निवासी कामरेड का डेरा थाना केलाखेड़ा, गैंगस्टर के एक मामले में पिछले वर्ष से लगातार फरार चल रहे थे। इनकी गिरफ्तारी हेतु माननीय न्यायालय से एनबीडब्ल्यू व धारा 82 सीआरपीसी के अंतर्गत उद्घोषणा जारी की गई थी। साथ ही दोनों पर 25-25 हजार रुपये का ईनाम घोषित किया गया था। आरोपियों पर मोटरसाइकिल चोरी के कई अभियोग पंजीकृत थे। इनामी बदमाश सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर बाजपुर गढ़िया पुलिया के पास से और कुलवंत सिंह उर्फ काका को गुलाब सिंह के मजरे के तिराहे से अवैध तमंचे व कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी जमानत पर रिहा होकर लगातार फरार चल रहे थे। पुलिस टीम में एसओ राजेश पाण्डेय, उपनिरीक्षक गिरीश चंद्र पंत, कांस्टेबल दर्शन सिंह,उमेश जोशी, प्रकाश टम्टा, सीपी संजीव, इमरान अंसारी आदि शामिल थे। वहीं थाना सितारगंज ,नानकमत्ता और एसटीएफ कुमायूँ की संयुक्त टीम ने वांछित ईनामी कुलदीप सिंह पुत्र मख्तयार सिंह निवासी पसहनी, थाना नानकमत्ता को 6.35 ग्राम अवैध स्मैक व एक अवैध तमंचा, 1 जिन्दा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। साथ ही उसके साथी सिमरन सिंह पुत्र सुच्चा सिंह निवासी बिचई, धाना नानकमत्ता को भी गिरफ्तार किया गया है। कुलदीप पर 15 जार का ईनाम घोषित था। इन्हें पकड़ने वाली पुलिस टीम में कोतवाल सितारगंज भूपेन्द्र सिंह बृजवाल, उपनिरीक्षक दीवान सिंह बिष्ट,उपनिरीक्षक कवीन्द्र शर्मा, बृजभूषण गुरुरानी,प्रकाश भगत, कांस्टेबल विरेन्द्र चौहान,अमरजीत सिंह, कांस्टेबल बलवन्त सिंह,राजेन्द्र गिरी,राजेन्द्र रौतेला आदि मौजूद थे। वहीं बाजपुर थाने में वांछित 25 हजार के इनामी बदमाश सतीश पुत्र लक्ष्मण निवासी नंद कॉलोनी समरधाम गली पीतल नगरी थाना कटघर जिला मुरादाबाद को पुलिस टीम ने दोराहा के पास एक चाकू के साथ गिरफतार कर लिया। पकड़ा गया बदमाश लम्बे समय से गिरफ्तारी से बचने के लिए हिमाचल प्रदेश में छिपा हुआ था जो अपनी ससुराल जा रहा था इसी दौरान वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पकड़ने वाली टीम में कोतवाल बाजपुर प्रवीण सिंह कोश्यारी, चौकी प्रभारी दोराहा देवेन्द्र राजपूत, चौकी प्रभारी बन्नाखेड़ा दीपक कौशिक, कांस्टेबल खीम सिंह ,महेन्द्र डंगवाल ,संतोष रावत,अनुपम सिंह आदि शामिल थे।