ऊधम सिंह नगर के सितारगंज में फिर एक बार अज्ञात वाहन की चपेट आये तेंदुए के शावक की मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने मृत शावक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार सोमवार की देर रात नगर से सटे बवनपुरी गांव के पास स्थित एक पेट्रोल पम्प के निकट सड़क पार करते गुलदार के शावक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में शावक की मौके पर ही मृत्यु हो गई। सूचना पर वन विभाग की टीम ने शावक के शव को कब्जे में लेकर विभागीय कार्यवाही की। जिसके बाद आज सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिये हल्द्वानी के दानिबंगर वन चौकी भेजा गया। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि प्रथम द्रष्टया वाहन की चपेट आने से मौत का कारण लग रहा है। शव के दांत, नाखून व मूँछ सुरक्षित हैं। शावक के मुँह व नाक से खून बह रहा था। बाकी मृत्यु की सही जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगी। बताया कि राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में शावक की अंत्येष्टि की जायेगी।