जनपद ऊधम सिंह नगर के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो लोगों की मौत की घटना सामने आई है। पहली घटना किच्छा में सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई जबकि उसका दोस्त घायल हो गया घायल का इलाज बरेली में चल रहा है। वहीं पंतनगर थाना क्षेत्र स्थित मटर के खेत में एक मजदूर ने अज्ञात कारणों के चलते पेड़ से लटक कर आत्महत्या कर ली। पुलिस दोनों ही मामलों की जांच में जुट गई है।
पहली घटना की जानकारी के अनुसार लालकुआं से बरेली जा रहे बाइक सवार दो युवकों की बाइक किच्छा बैनी मजार के पास अनियंत्रित होकर पुल के डिवाइडर से जा टकराई। जिसमें कौशल कुमार पुल से नीचे गिर गया जबकि बाइक में बैठा दूसरा युवक राजवीर सड़क पर जा गिरा। पुल से नीचे गिरने से कौशल की मौत हो गई जबकि राजवीर घायल हो गया। आनन फानन में घायल राजवीर को किच्छा अस्पताल ले जाया गया। जहां से परिजन उसे बरेली ले गए। मृतक कौशल लालकुआं में ऑटोमोबाइल शॉप पर मिस्त्री का काम करता था। वही दूसरी घटना पंतनगर थाना क्षेत्र स्थित एक मजदूर ने अज्ञात कारणों के चलते आत्महत्या कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक इरफान अली निवासी गदरपुर मटर के खेत में मजदूरी करता था। पुलिस टीम द्वारा दोनों शवों को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।