ऊधम सिंहनगर के काशीपुर कोतवाली क्षेत्र में एक मनचले ने घर में घुसकर चाकू की नोक पर महिला से दुष्कर्म का प्रयास कर डाला। पीड़ित महिला की मां ने पुलिस को तहरीर देकर एक युवक पर घर में घुसकर उसकी विधवा पुत्री के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास तथा विरोध करने पर चाकू मारकर घायल करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया है।
मौहल्ला अल्लीखां काली बस्ती निवासी एक महिला ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 26 अप्रैल को सुबह करीब 10:00 बजे उसकी मानसिक रूप से कमजोर विधवा पुत्री घर के कमरे में सोई हुई थी। तभी मौहल्ला अल्लीखां निवासी मोहसिन पुत्र निसार उसके घर में जबरदस्ती घुस आया और उसकी विधवा पुत्री की गर्दन पर चाकू रखकर जान से मारने की धमकी देते हुए कि अगर तूने शोर मचाया तो इस धारदार चाकू से तेरी गर्दन काट दूंगा। इसके बाद आरोपी ने उसकी पुत्री के साथ जबरदस्ती बलात्कार का प्रयास किया। पुत्री के शोर मचाने पर पड़ोस में रहने वाले लोगों ने उसकी पुत्री को आरोपी के चुंगुल से छुड़ाया। दुष्कर्म का विरोध करने पर आरोपी ने उसकी पुत्री को चाकू मारकर घायल भी कर दिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ धारा 452/ 354/ 307 के तहत मुकदमा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया है।