प्रदेश के साथ जनपद ऊधम सिंह नगर में बीते बुधवार शाम को अचानक हुई बारिश के साथ आंधी से आम व लीची के फसल को काफी नुकसान हुआ है। करीब आधे घंटा तक तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से सब्जी की फसल को भी नुकसान पहुंचा है। वही विद्युत सप्लाई बाधित होने से जनपद के कई शहरों में पूरी रात अंधेरा रहा।
बुधवार शाम को अचानक बदले मौसम के मिजाज से बादलों की गड़गड़ाहट के साथ अंधड़ और बारिश ने जमकर तांडव मचाया। पहले ही बेमौसम बारिश से गेहूं की फसल का नुकसान उठा चुके किसानों को बागवानी से बड़ी उम्मीद है। लेकिन बीते शाम को अंधड़ ने किसानों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। किसान ओमप्रकाश डोगरा का कहना है कि इस बार आम में बहुत अच्छा फल आया है। लेकिन बीते दिनों आई अंधड़ से लगभग 30 प्रतिशत तक आम का नुकसान हो चुका है। इसके अलावे सब्जी की फसल को भी नुकसान हुआ है। उन्होंने सरकार से फसल में हुई क्षति के मुआवजा की मांग की है। इधर आंधी से विद्युत तारों में पेड़ों की टहनियां गिरने से विद्युत सप्लाई बंद हो गई। क्षेत्रवासियों को पूरी रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी। विद्युत विभाग के कर्मियों ने सुबह फाल्ट को सही करके सप्लाई सुचारू की।