ऊधम सिंह नगर के बाजपुर के बहुचर्चित पिपलिया गोलीकांड में पुलिस की ओर से मुख्य आरोपी बनाये गये कांग्रेस नेता अविनाश शर्मा एवं एक अन्य आरोपी नीरज सोनी को पुलिस ने दोराहा से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारी अविनाश शर्मा से पूछताछ कर रहे हैं। कोतवाली के बाहर अविनाश समर्थकों का जमावड़ा लगा हुआ है।
आपको बता दे 27 अप्रैल को गांव पिपलिया में पैसों के लेनदेन को लेकर तेजेंद्र सिंह जंटू पक्ष एवं नेत्रप्रकाश शर्मा पक्ष के बीच विवाद हो गया था। आरोप था कि जंटू पक्ष की ओर से कांग्रेस नेता अविनाश शर्मा एवं दो दर्जन से अधिक अन्य लोगों ने नेत्रप्रकाश शर्मा के आवास पर पहंुच गये जहां पर दोनों पक्षों के बीच फायरिंग हो गई थी। इस फायरिंग में अविनाश शर्मा के निजी अंगरक्षक कुलवंत की गोली लगने से मौत भी हो गई थी। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के बाद संगीन धाराओं में मुकद्मा दर्ज कर लिया था। वहीं जंटू पक्ष के 7 लोगों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। शुक्रवार को सुबह पुलिस ने अविनाश शर्मा, नीरज सोनी को दोराहा से गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल प्रवीण कोश्यारी ने बताया कि दोनों आरोपियों को दोराहा से गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि अभी तक इस मामले में अविनाश शर्मा समेत कुल 9 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि बाकी बचे आरोपियों को भी पुलिस जल्द गिरफ्तार कर लेगी।