जनपद ऊधम सिंह नगर में महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से जिले में जल्द 100 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के रिक्त पदों पर भर्ती निकाली जाएगी। इसके साथ ही 141 सहायिकाओं व सात मिनी आंगनबाड़ी केंद्रों के पदों को भी भरा जाएगा। इससे प्रभारी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का बोझ भी कम होगा।
जनपद के कुल 2387 आंगनबाड़ी केंद्रों में से मात्र 2287 में ही कार्यकर्ता की नियुक्ति है। बाकी 100 केंद्रों पर पड़ोसी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की ओर से बच्चों को टीएचआर वितरण, ऊर्जा, गर्भवती महिलाओं को राशन बांटना आदि के कार्य किए जा रहे हैं। इससे पूर्व भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के रिक्त पड़े पदों को भरने की पहल की गई थी, लेकिन विधानसभा चुनाव के चलते आचार संहिता लगने पर कार्यकर्ताओं की नियुक्ति पर रोक लगा दी गई। अब चुनाव खत्म होते ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के पदों को भरा जाएगा। महिला बाल विकास विभाग के मुताबिक आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भर्ती होने पर कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं को भी रिक्त पड़े वार्डों में नियुक्त किया जाएगा। इसके साथ ही विधवा व परित्यक्ता को पहले वरियता दी जाएगी। इसके बाद बीए व एमए पास महिलाओं की मेरिट के हिसाब से सूची तैयार की जाएगी। जिला कार्यक्रम अधिकारी उदय प्रताप सिंह ने कहा कि जल्द ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के रिक्त पड़े 100 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी।