जनपद ऊधम सिंह नगर सितारगंज जायडस कंपनी के कर्मचारियों ने फैक्ट्री को गैरकानूनी बंदी बताते हुए नौंवे दिन भी फैक्ट्री गेट पर धरना जारी रखा। वक्ताओं ने प्रबंधन पर कंपनी के लाभ के बाबजूद बंद करने का आरोप लगाया। कर्मचारी संघ के अध्यक्ष विकास सती ने आरोप लगाया कि कंपनी के रातों रात बंदी कर 1200 कर्मचारियों के समक्ष रोजी रोटी का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन के बुलाने पर भी वार्ता के लिए कंपनी प्रबंधन नहीं आने से उनकी मंशा साफ हो रही है। चेतावनी दी कि आगामी वार्ता की तिथि को कंपनी प्रबंधन नहीं आया तो कर्मचारी भूख हड़ताल पर बैठ जायेंगे।
जायडस फैक्टरी बंद होने से 150 स्थायी और ठेकेदार के अधीन काम करने वाले करीब एक हजार कर्मचारी बेरोजगार हो गए हैं। प्रबंधन के इस फैसले के खिलाफ कर्मचारियों का धरना जारी है। कर्मचारियों ने बताया कि 17 जून की सायं फैक्टरी गेट पर बंदी का नोटिस चस्पा कर दिया गया। इसकी कर्मचारियों को कोई पूर्व सूचना नहीं दी। 18 जून सुबह की पहली शिफ्ट से ही परिसर में कर्मचारियों के प्रवेश पर रोक लगा दी। आरोप लगाया कि गैरकानूनी ढंग से फैक्टरी को बंद किया गया है। श्रम कानूनों के अनुसार श्रमिकों को पैसा नहीं दिया गया।