जनपद ऊधम सिंह नगर के किच्छा में भाजपा पर झूठी घोषणाएं करने का आरोप लगाते हुए आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नगर में ‘जनता जगाओ किच्छा बचाओ’ यात्रा कर जोड़कर प्रदर्शन किया। आप पार्टी के कार्यकर्ताओं ने रोडवेज बस स्टैंड पर धरना देकर भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। धरने के माध्यम से आप पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार किच्छा में झूठी घोषणा करके वाहवाही लूटना चाहती है, लेकिन धरातल पर कोई काम नहीं हुआ है।
कार्यक्रम के अनुसार आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता सिरौली चौराहे पर जमा हुए। यहां से वह पाहा फीडर नहर किनारे बनी सड़क से यात्रा निकालते हुए मुख्य बाजार, खुरपिया एवं पुरानी मंडी स्थित रपटा पुल पहुंचे। वापस आकर उनकी यात्रा रोडवेज बस स्टैंड पर धरने में परिवतिर्त हो गई। इस दौरान आप पार्टी के जिला उपाध्यक्ष कुलवंत सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार ने मौजूदा बस स्टैंड को खुरपिया में स्थानांतरित कर दिया है। उन्होंने रोडवेज बस स्टैंड पर प्राइवेट अवैध कब्जा होने की संभावना जताई। आप नेता जर्नादन सिंह ने आरोप लगाया कि पूर्व घोषणा के अनुसार लेफ्ट पाहा नगर की कवरिंग नहीं हुई है। गोला नदी पर रपटा पुल बनने की बजाय रेता खनन का खेल शुरू हो गया है। किच्छा में हजारों करोड़ की योजनाओं की घोषणा कर भाजपा ने झूठी जुमलेबाजी की है। कहा पार्टी भाजपा के खिलाफ आंदोलन करेगी। यहां दिनेश यादव, सोनू गुप्ता, जावेद, अखलाक, रोहिताश गंगवार, संजय शर्मा, हेमंत राठौर, अर्जुन सिंह, रफी अहमद, सीपी अधिकारी, गुरप्रीत सिंह, पंकज कुमार, देव सिंह आदि थे।