ऊधम सिंह नगर: दो बच्चों की मां को लेकर फरार हुआ सख्श! पुलिस की शरण में पहुंचा पीड़ित, पड़ोसी पर शक

Blog
 Image

सितारगंज। ऊधम सिंह नगर जिले के सितारगंज क्षेत्र के बिडौरा मझौला गांव से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति की गैरमौजूदगी में उसकी पत्नी को कथित रूप से बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित ने पुलिस से मामले में कार्रवाई की गुहार लगाई है।

जानकारी के अनुसार,बिडौरा मझौला निवासी पीड़ित सिडकुल स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत है और मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। उसके दो छोटे बच्चे भी हैं। पीड़ित ने बताया कि 11 मार्च की रात वह कंपनी में ड्यूटी पर गया हुआ था। इसी दौरान गांव का ही रहने वाला छिन्दर सिंह उर्फ छिता उसके घर पहुंचा और उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। सुबह ड्यूटी से लौटने पर जब पीड़ित को घटना की जानकारी मिली तो वह आरोपी के घर पहुंचा और उसकी माता व बहन से पूछताछ की। आरोप है कि इस दौरान परिजनों ने उसके साथ गाली-गलौच करते हुए मारपीट की और दोबारा घर आने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का कहना है कि आरोपी पहले भी उसकी गैरमौजूदगी में उसके घर आता-जाता था, जिसकी जानकारी मिलने पर उसने कई बार उसे समझाने का प्रयास किया,लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से अपनी पत्नी को सकुशल बरामद करने, आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं,पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।