अग्निकांड में 3 गायों की मौत पर मंत्री ने जताया दुख, पशुपालकों के लिए गोट वैली प्रोजेक्ट की घोषणा

Blog
 Image

उत्तरकाशी। कैबिनेट मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने सोमवार को विकास खंड मोरी के फीताड़ी गांव पहुंचकर हाल ही में हुए भीषण अग्निकांड से प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। मंत्री ने पीड़ित परिवारों के घरों का निरीक्षण किया, आग से हुए नुकसान का जायजा लिया और उनके दुख में साथ खड़े होने का संदेश दिया।बीते 23 मार्च की रात को फीताड़ी गांव में लगी आग ने 8 आवासीय भवनों और 6 अन्न भंडारों को पूरी तरह जलाकर राख कर दिया था। हादसे में 3 गायों की भी मौत हो गई थी। आग की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर एसडीआरएफ, राजस्व, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पा लिया गया। तीन दिवसीय जनपद भ्रमण पर आए मंत्री सौरभ बहुगुणा ने पीड़ित परिवारों का हालचाल जाना और कहा, “राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। कोई भी पीड़ित परिवार अकेला नहीं है। उनकी हर संभव मदद की जाएगी।

मंत्री ने सबसे महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए 14 प्रभावित परिवारों को गोट वैली प्रोजेक्ट से जोड़ने की बात कही। उन्होंने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को तत्काल निर्देश दिए कि बकरियों के वितरण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाए। इस परियोजना के तहत परिवारों को बकरियां उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे उनकी आजीविका मजबूत होगी और वे जल्द से जल्द आत्मनिर्भर बन सकेंगे। इस दौरान ग्रामीणों ने मंत्री के सामने अपनी समस्याएं रखीं। उन्होंने मुआवजे, पुनर्वास, मकानों के पुनर्निर्माण और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए स्थायी उपायों की मांग की। सौरभ बहुगुणा ने सभी मुद्दों पर ध्यान देने और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि मुआवजे की प्रक्रिया को भी तेज किया जाएगा और पीड़ित परिवारों को राहत राशि शीघ्र उपलब्ध कराई जाएगी। मंत्री की इस यात्रा से फीताड़ी गांव के पीड़ित परिवारों में नई उम्मीद जागी है। स्थानीय लोगों ने सरकार के इस संवेदनशील रुख की सराहना की और उम्मीद जताई कि घोषित सहायता व समय पर लागू होगी। फीताड़ी अग्निकांड उत्तरकाशी जिले की दुर्गम क्षेत्रों में आग की घटनाओं की पुनरावृत्ति की ओर इशारा करता है। ऐसे में सरकार की ओर से पुनर्वास, आजीविका संवर्धन और अग्निशमन सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। मंत्री सौरभ बहुगुणा की इस मुलाकात और घोषणाओं को फीताड़ी अग्निकांड पीड़ितों के लिए एक बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है। अब देखना यह है कि घोषित सहायता कितनी तेजी से धरातल पर उतरती है।