उत्तराखंड कुमाऊं के हल्द्वानी में हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली की सफलता को भाजपा पार्टी के दिग्गज नेता विधान सभा चुनावों में भुनाएंगे। चुनावों में विकास को मुद्दा बनाकर पार्टी के नेता जनता के बीच जाएंगे। रैली से पार्टी कार्यकर्ताओं को मिले जोश को भी पार्टी के लिए संजीवनी बनाया जाएगा। पार्टी की विजय संकल्प यात्रा में भी रैली की सफलता को जनता के बीच रखा जाएगा। संगठन के पदाधिकारी इसके लिए रणनीति बनाने में जुट गए हैं। हल्द्वानी में हुई पीएम मोदी की रैली से पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है।
पार्टी दिग्गज, कार्यकर्ताओं के इसी उत्साह को भुनाने में जुट गए हैं। पार्टी की विजय संकल्प यात्रा में पीएम मोदी की ओर से शुरू की गईं विकास योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का निर्णय लिया गया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि भाजपा विकास के मुद्दे को लेकर ही जनता के बीच जाएगी। जनता को बताया जाएगा कि पिछले सात सालों में केन्द्र व पांच साल में राज्य की भाजपा सरकार ने क्षेत्र में क्या-क्या काम किए हैं। रैली से उत्साहित कार्यकर्ताओं को चुनावी मैदान में उतारने के लिए तराई-भाबर के लिए विशेष रणनीति बनाई जा रही है। क्योंकि रैली में सबसे ज्यादा भीड़ ऊधमसिंहनगर व नैनीताल लोक सभा क्षेत्र की 15 विधान सभा सीटों से बुलाई गई थी। कुमाऊं के दूसरे जिलों में भी मोदी के विकास के मुद्दे को भुनाया जाएगा। इस मामले में भाजपा जिला अध्यक्ष शिव अरोरा ने कहा है हल्द्वानी में हुई पीएम मोदी की रैली से पार्टी कार्यकर्ताओं में नया जोश भरा है। रैली में पीएम मोदी ने 17 हजार करोड़ से अधिक की विकास योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया था। पार्टी विकास के इसी मुद्दे को भी जनता के बीच ले जाएगी। विधान सभा चुनावों में पार्टी को इसका पूरा लाभ मिलेगा।