किच्छा में देर शाम व्यापार मंडल अध्यक्ष राजकुमार बजाज के घर में चोरों ने धावा बोलकर लाखों के जेवर और नगदी उड़ा ली। घटना से पुलिस में हड़कम्प मच गया। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। व्यापार मण्डल अध्यक्ष के घर चोरी की घटना से व्यापारियों में रोष है। जानकारी के अनुसार उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष राजकुमार बजाज का रुद्रपुर मार्ग स्थित न्यू पंजाबी कॉलोनी में निवास है। बुधवार शाम वह अपनी पत्नी के साथ किसी काम से गये थे। जब वह देर शाम घर वापस लौटे तो घर के मुख्य गेट का कुंडा खुला देख कर उसके होश उड़ गए। चोर कुंडा काटकर ताला तक अपने साथ ले गए। अंदर घर खुला हुआ था। चोरो ने पूरा घर खंगाल दिया था। चोरों ने घर मे रखे सोने की चेन, दो अंगूठी और चांदी के जेवरात सहित 60 हजार की नकदी साफ कर दी। जब व्यापार मंडल अध्यक्ष राजकुमार अपनी पत्नी के साथ घर मे घुसे तो पुरे घर का सामान बिखरा हुआ था। शाम को चोरी की घटना से पुलिस में भी हड़कंप मच गया। प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घर का निरीक्षण करने के बाद आस पास के सीसीटीवी खंगाले। अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोर क्षेत्र के बारे में भली भांति परिचित है। उनको पता था कि बजाज अपनी पत्नी के साथ शाम को प्रतिदिन अपने पुश्तैनी मकान में जाते है। इस दौरान घर मे कोई नही होता है। पुलिस ने संदिग्धों को पकड़ उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। घटना से गुस्साये व्यापारियों ने कोतवाली पहुंचकर जल्द खुलासे की मांग की।
तपस कुमार विश्वास
संपादक