जनपद ऊधम सिंह नगर की सड़के लगातार जानलेवा साबित हो रहे है। एक बार फिर यूएस नगर की एक खूनी सड़क ने सफर के दौरान एक सेना के जवान की जान ले ली। जानकरी के अनुसार 18 कुमाऊं रेजीमेंट में तैनात सैनिक की ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर से मौत हो गई। मृतक की पिछले महीने दो दिसंबर को ही शादी हुई थी। इस घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा है। मृतक के बारे में मिली प्राप्त जानकारी के अनुसार भूड़ाकिशनी निवासी नीरज सिंह भंडारी पुत्र गोविंद सिंह भंडारी 18 कुमाऊं रेजीमेंट में राजस्थान में तैनात था। जवान नीरज बीती पांच जनवरी को ही अवकाश पर घर आया था। शुक्रवार देर शाम को वह अपनी बाइक से खटीमा से भूड़ाकिशनी घर लौट रहा था। इसी दौरान सितारगंज रोड लोहियापुल के समीप सामने से आ रही ट्रैक्टर ट्राली ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। सड़क हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने घायल जवान को उप जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया जहां डॉक्टर अकलीम अहमद ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है। इस हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
तपस कुमार विश्वास
संपादक