जनपद ऊधम सिंह नगर के किच्छा में नालंदा रोड स्थित एक प्राइवेट फैक्ट्री में पुताई कर रहे श्रमिक की मशीन की चपेट में आने से मौत हो गयी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार इंद्रजीत प्रधान पुत्र भ्रमर प्रधान निवासी टिक्की विलाशाही श्री रामचन्द्रपुर पुरी उड़ीसा पिछले कई वर्षो से नालंदा रोड स्थित एक प्राइवेट फैक्ट्री में मजदूरी करता था। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह वह फैक्ट्री में पुताई कर रहा था। इस दौरान वह मशीन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन उसे सीएचसी लाया गया। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गयी। सूचना मिलते ही लालपुर पुलिस चौकी इंचार्ज सुनील बिष्ट मौके पर पहुंच गए। बिष्ट ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है।