ऊधम सिंह नगर के काशीपुर कुंडा क्षेत्र में मिट्टी खनन को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस बीच एक पक्ष ने लाइसेंसी असलहे से फायरिंग कर दी। इसमें दूसरे पक्ष का एक युवक घायल हो गया। जिसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने फायरिंग के दो आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात भरतपुर थाना कुडा निवासी अनूप सिंह पुत्र कुलवंत सिंह ने मुंशी जोगा सिंह केसरी गणेशपुर को मिट्टी देखने खेत पर भेजा था। जहां पहले से मौजूद जगरूप सिंह पुत्र अमरजीत सिंह, सतनाम सिंह पुत्र अमरजीत सिंह, गुरप्रीत सिंह गोपी पुत्र सतनाम सिंह भरतपुर पन्नू फार्म व तीन अज्ञात लोगों ने जोगा सिंह से गाली गलौज कर दी। साथ ही मिट्टी अपनी बताते हुए उठाने पर जान से मारने की धमकी देने लगे। जोगा सिंह ने इसकी जानकारी फोन पर अनूप को दी। अनूप ने वहां मौजूद लोगों को समझाने की कोशिश की। इस दौरान जगरूप सिंह व गुरप्रीत सिंह ने अनूप व जोगा सिंह पर लायसेंसी असलहे से फायर झोंक दी। गोली जोगा सिंह के सिर के पास निकली। किसी तरह जान बचाकर वहां से भागा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से जोगा सिंह को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसकी हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद उसे मुरादाबाद रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 307 का मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ वीर सिंह ने बताया कि मिट्टी निकालने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। गोली लगने की पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही की जा सकती है।