जनपद ऊधम सिंह नगर में लगातार ठंड बढ़ रही है। जिसके चलते लोग घरों में दुबके हुए। ठंड के प्रकोप के चलते जरूरी कार्यों के लिए ही लोग घरों से निकल रहे हैं। जिससे बाजारों में भी सन्नाटा पसरा हुआ है।
ऊधम सिंह नगर के खटीमा में दिन प्रति दिन शीत लहर के चलते ठंड बढ़ती जा रही है। इस बीच मंगलवार को भी ठंड का प्रकोप बदस्तूर जारी रहा। जिससे लोग घरों में दुबके रहे। विभिन्न मार्गो पर भी वाहन रेंगते हुए दिखाई दिए। जरूरी कार्यों के लिए घरों से निकले लोग भी प्रशासन द्वारा की गई अलाव की व्यवस्था में आग सेकते दिखाई दिए। थारू राइका के ईको वैधशाला प्रभारी नरेंद्र रौतेला ने बताया कि मंगलवार को नगर में अधिकतम तापमान 17 व न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया है। आगे भी शीतलहर जारी रहने का अंदेशा है। इधर एसडीएम रविंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि प्रशासन द्वारा जरूरतमंद लोगों को लगातार कंबल आदि का वितरण किया जा रहा है। सोमवार की देर रात एक दर्जन लोगों को कंबल बांटे गए हैं। साथ ही जगह-जगह अलाव की व्यवस्था भी की जा रही है।