Breaking News :

कांवड़ पटरी पर मौत का तांडव: चार बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, तीन युवकों की मौत, छह घायल

Blog
 Image

रुड़की। हरिद्वार जिले के रुड़की में शुक्रवार देर रात कांवड़ पटरी मार्ग पर भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि छह युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पिरान कलियर क्षेत्र में चार मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जबरदस्त भिड़ंत के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को 108 एंबुलेंस से रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया।

हादसा शुक्रवार 21 अगस्त की देर रात पिरान कलियर कांवड़ पटरी मार्ग पर हुआ। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक चार मोटरसाइकिलें मार्ग से गुजर रही थीं। इसी दौरान किसी वजह से चारों बाइकों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। कुछ ही देर में सड़क पर घायलों की चीख-पुकार और लोगों की भीड़ जुट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद सड़क पर चारों बाइकें क्षतिग्रस्त हालत में पड़ी थीं और कई युवक गंभीर रूप से घायल थे। राहगीरों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पिरान कलियर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी और रुड़की सिविल लाइन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहनों से बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया। रुड़की सिविल अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया। छह घायलों का उपचार शुरू किया गया। इनमें आदित्य चंद्रा की हालत गंभीर बताई गई, जिसके बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए एम्स रेफर किया गया। अन्य घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान अयान (18) पुत्र शहजाद निवासी बिझोली, कोतवाली मंगलौर, राजू (24) पुत्र कदम सिंह और राजीव (18) पुत्र मोल्हड सिंह निवासी रहमतपुर, कोतवाली पिरान कलियर के रूप में हुई है। हादसे की खबर उनके घर पहुंचते ही परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गंभीर रूप से घायल आदित्य चंद्रा (25) पुत्र सुरेंद्र निवासी खंजरपुर को एम्स रेफर किया गया है। अन्य घायलों की हालत पर चिकित्सक लगातार नजर बनाए हुए हैं। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में चारों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत होने की बात सामने आई है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पुलिस ने तीनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखा गया है। हादसे के बाद कुछ समय तक घटनास्थल पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चारों बाइकें किस दिशा से आ रही थीं, टक्कर किस कारण हुई और क्या तेज रफ्तार या किसी अन्य वजह से चालक नियंत्रण खो बैठे थे। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।