उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से सटे रुड़की में बेखौफ अपराधियों ने कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र के ढंडेरा गांव में शुक्रवार देर रात बाइक सवार दो अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने शराब कैंटीन संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। इस दुस्साहसिक हत्या से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ढंडेरा गांव निवासी अमन (पुत्र सुभाष) क्षेत्र में शराब की कैंटीन का संचालन करता था। शुक्रवार देर रात करीब 11 बजे वह हर दिन की तरह अपनी कैंटीन बंद कर बाइक से घर लौट रहा था। जैसे ही वह गांव के नजदीक सुनसान रास्ते पर पहुंचा, तभी पीछे से आए एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उसे ओवरटेक कर रोक लिया। जब तक अमन कुछ समझ पाता, बदमाशों ने तमंचे से उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।गोली लगते ही अमन लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा और चीख-पुकार मचाने लगा। गोलियों की तड़तड़ाहट सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके की ओर दौड़े, जिन्हें आता देख हमलावर अपनी तेज रफ्तार बाइक से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और गंभीर रूप से घायल अमन को सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल, क्षेत्राधिकारी और सिविल लाइन कोतवाली प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीक निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवा दिया है। घटनास्थल और आसपास के संपर्क मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि बदमाशों के भागने के रूट का पता लगाया जा सके। मामले की जानकारी देते हुए एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश या लेन-देन का विवाद होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और आसपास के जंगलों व संदिग्ध ठिकानों पर देर रात तक कांबिंग अभियान चलाया गया। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

