जनपद ऊधम सिंह नगर के नानकमत्ता में स्थित सरकारी टीआरसी की जमीन पर कब्जा करने की नियत से कुछ लोगों द्वारा सरकार की कई वर्षों पुरानी संपत्ति में घुसकर दिनदहाड़े जेसीबी चलाकर कई पेड़ गिरा दिये और सरकारी जमीन को खुर्द बुर्द करने का प्रयास किया। मजे की बात यह है कि विभाग व अधिकारियों को इस बात की भनक भी नहीं लगी। सूचना मिलने पर फिलहाल वन विभाग ने अवैध कटान पर रोक लगा दी है साथ ही कटान करने वाले लोगों से संपत्ति से संबंधित दस्तावेज की मांगे हैं। इधर जिला पर्यटन विभाग, और राजस्व विभाग ने भी जांच की बात कही है।
जानकारी के अनुसार नगर में स्थित कुमाऊँ मंडल विकास निगम का गेस्ट हाउस की जमीन पर कुछ लोगों ने जेसीबी मंगवा कर उक्त संपत्ति पर लगे हरे पेड़ गिरा दिए, जिसकी किसी ने शिकायत वन विभाग को कर दी। बिना अनुमति के हरे पेड़ कटने की सूचना पर वन विभाग के जोलासाल के रेंजर के आर टम्टा ने अवैध कटान की अनुमति न लेने पर पेड़ गिराने पर रोक लगा दी। बताया जा रहा है कि उक्त संपत्ति जिसमें करीब 30 से 40 वर्ष पुराना सरकारी कब्जा होने के साथ ही चारों तरफ बाउंड्री वॉल और कमरा बना है। उक्त संपत्ति में आम के हरे पेड़ के साथ ही लिपटिस व अन्य प्रजाति के पेड़ लगे हैं। उक्त सरकारी संपत्ति की दीवार तोड़कर जेसीबी से पेड़ गिराने की प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में जिला पर्यटन अधिकारी प्रदीप कुमार गौतम ने बताया कि अभी मामला संज्ञान में आया है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है, इसके साथ ही राजस्व विभाग संपत्ति पर कब्जा करने की जांच कर रहा है।वही इस मामले में विधायक गोपाल सिंह राणा के मुताबिक उक्त संपत्ति पर्यटन विभाग की है कुछ लोगों द्वारा उक्त संपत्ति पर पेड़ गिराने अवैध कब्जा करने की शिकायत उनको मिली है, अभी वह देहरादून में है, इस संबंध में उन्होंने अधिकारियों को फोन कर संपत्ति से जुड़े दस्तावेज की जानकारी ली है, उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर सरकारी संपत्ति पर कब्जा नहीं होने दिया जाएगा।